Advertisement

राहुल गांधी अहमदाबाद पहुंचे, मोरबी ब्रिज और सूरत हादसे के पीड़ितों से मिलेंगे; विहिप और बजरंग दल ने जलाए पुतले

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी गुजरात के अहमदाबाद पहुंच गए हैं। अपने गुजरात दौरे के दौरान राहुल...
राहुल गांधी अहमदाबाद पहुंचे, मोरबी ब्रिज और सूरत हादसे के पीड़ितों से मिलेंगे; विहिप और बजरंग दल ने जलाए पुतले

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी गुजरात के अहमदाबाद पहुंच गए हैं। अपने गुजरात दौरे के दौरान राहुल गांधी राजकोट के गेमिंग जोन में लगी आग, वडोदरा में नाव पलटने और मोरबी में पुल ढहने की घटना में मारे गए लोगों के परिवारों से भी मिलेंगे। इस बीच, राहुल के वहां पहुंचने से पहले ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और उनका पुतला फूंका। दोनों दलों के कार्यकर्ता संसद में राहुल के कथित हिंदू विरोधी बयान का विरोध कर रहे हैं।

अहमदाबाद में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर इस विरोध प्रदर्शन को अंजाम दिया गया। पुलिस में सतर्कता दिखाने हुए इलाके में रैपिड एक्शन फोर्स तैनात कर दी है और कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है। गौरतलब है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की कथित हिंदू विरोधी टिप्पणी को लेकर गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जीपीसीसी) कार्यालय के बाहर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के कुछ दिनों बाद वह गुजरात का दौरा कर रहे हैं।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस के उन पांच कार्यकर्ताओं के परिवार के सदस्यों से भी मिलेंगे जो फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं। गोहिल ने कहा, ‘‘राहुल गांधी दोपहर करीब साढ़े 12 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगे। वह पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी राजकोट ‘गेमिंग जोन’ में आग लगने और ऐसी अन्य त्रासदियों में जान गंवाने वालों के परिजन से भी मिलेंगे। वह उन पार्टी कार्यकर्ताओं के परिवार के सदस्यों से भी बातचीत करेंगे जिन्हें झड़प के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था।’’

शहर के पालडी इलाके में कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव गांधी भवन के बाहर दो जुलाई को कांग्रेस और भाजपा के सदस्यों के बीच उस समय झड़प हो गई थी, जब भाजपा की युवा शाखा के सदस्य हिंदुओं के बारे में गांधी की टिप्पणी के विरोध में वहां पहुंचे थे।

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों में पथराव हुआ, जिसमें एक सहायक पुलिस आयुक्त सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। झड़प के एक दिन बाद तीन जुलाई को एलिसब्रिज पुलिस ने दो प्राथमिकी दर्ज कीं।

पुलिस ने एक प्राथमिकी कांग्रेस और भाजपा दोनों से जुड़े लगभग 450 कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज की, जबकि दूसरी प्राथमिकी भाजपा की अहमदाबाद इकाई की युवा शाखा की शिकायत पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज की गई।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad  
  翻译: